कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने संयुक्त रूप से विकासखंड चावरपाठा के ग्राम हीरापुर में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जन संवाद शिविर के हीरापुर गौशाला का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गौवंशों के स्वास्थ्य, उनके लिए उपलब्ध भूसा-चारा एवं पेयजल सहित गौशाला में की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने गौशाला में गौवंशों के समुचित रखरखाव, उनके स्वास्थ्य एवं नियमित देखभाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में गोबर से दीये, गौकाष्ठ एवं वर्मीकम्पोस्ट तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गौवंश से प्राप्त गोबर का उपयोग विभिन्न उपयोगी उत्पादों के निर्माण में कर गौशाला की आय बढ़ाई जा सकती है। इससे गौशाला की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के साथ स्वावलंबन को भी बढ़ावा मिलेगा।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने गौशाला में कृत्रिम गर्भाधान को बढ़ावा देने पर भी बल दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि गौवंशों के संवर्धन एवं बेहतर प्रबंधन के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं। साथ ही गौशाला में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे गौशाला का संचालन अधिक व्यवस्थित एवं आत्मनिर्भर बन सके।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने गौशाला परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के विकास के लिए पौधों की देखभाल और उनके संरक्षण के महत्व पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुश्री शानू चौधरी, एबीपीओ डॉ. प्रतीक्षा ठाकुर, प्रभारी पशु चिकित्सालय तेंदूखेड़ा डॉ. आभा बरारे, एवीएफओ श्री आशीष सोनी, श्री पीयूष साहू, श्री हरेंद्र द्विवेदी, श्री ओमप्रकाश कीर सहित अन्य संबंधित मौजूद थे।



