राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विजय चंद्र के मार्गदर्शन में आज 19 नवंबर 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दतिया द्वारा विधिक जागरूकता बाइक रैली, विधिक जागरूकता प्रदर्शनी एवं समापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विजय चंद्र द्वारा हरी झंडी दिखाकर बाइक रैली को रवाना करके किया गया। बाइक रैली जिला न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर पुलिस लाइन, दतिया में समाप्त हुई। रैली में विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारीगण, अधिवक्तागण, पैरालीगल वॉलंटियर्स एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, नागरिक अधिकारों एवं विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विजय चंद्र ने अपने उद्बोधन में कहा कि विधिक जागरूकता का उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक न्याय एवं कानून की जानकारी पहुंचाना है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी होना आवश्यक है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों एवं रैलियों के माध्यम से आमजन को न्याय व्यवस्था तथा विधिक सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है। रैली के समापन स्थल पुलिस लाइन में विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग, आजीविका मिशन, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए। प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नालसा एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता संबंधी जानकारी आमजन को प्रदान की गई। प्रदर्शनी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया। इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री राजेश भंडारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रमुख उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है। निःशुल्क विधिक सहायता प्रत्येक पात्र व्यक्ति का अधिकार है। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क अधिवक्ता, कानूनी परामर्श एवं विभिन्न विधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। आमजन को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर सहायता प्राप्त करनी चाहिए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के संयुक्त प्रयासों से शासकीय योजनाओं एवं विधिक सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं, जिनमें रंगोली, वाद-विवाद, निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता आदि शामिल थीं, के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों एवं स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें विधिक जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री राजेश भंडारी, विशेष न्यायाधीश श्री अखिलेश कुमार धाकड़, श्री अशोक कुमार गुप्ता, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्री ओ.पी. रघुवंशी, जिला न्यायाधीश श्रीमती मंजूषा तेकाम, जिला न्यायाधीश श्री देवेश मिश्रा, सिविल न्यायाधीश निधि पिंटो, सिविल न्यायाधीश एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी श्रीमती विभूति तिवारी, श्री शिवराज सिंह जाट, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ, डिप्टी कलेक्टर सुश्री सोनाली राजपूत एवं महिला एवं बाल विकास विभाग से श्री बृजेंद्र सिंह कौरव, बाल संरक्षण अधिकारी सहित प्रशासनिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, पैरालीगल वॉलंटियर्स एवं आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक विधिक सेवाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी पहुंचाना, नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा न्याय तक आमजन की सुगम पहुंच सुनिश्चित करना रहा।