अपना स्वयं का पक्का मकान हर व्यक्ति का सपना होता है। यह सपना प्रधानमंत्री आवास योजना ने पूरा किया है। नगरीय क्षेत्र बुरहानपुर के वार्ड क्रमांक-9 के निवासी राजेन्द्र के इस सपने को पूरा करने में आवास योजना ने मदद की है। लाभार्थी राजेन्द्र कहते हैं कि पहले उनका मकान कच्चा एवं पुराना था, टीन लगे होने के कारण बारिश एवं गर्मी के दिनों में परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी मिलने पर योजना का लाभ लेने के लिये आवेदन किया। वर्ष 2025-26 में स्वीकृति मिलने के बाद उन्हें पक्का मकान बनाने के लिए शासन की ओर से 2.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। इस सहायता से हितग्राही राजेन्द्र का पक्के घर का सपना साकार हो सका। अब वे अपने परिवार के साथ पक्के मकान में सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहे हैं।